बागेश्वर। रवाईंखाल बिझौरीझाल में वन विभाग की टीम ने एक घायल मादा तेंदुए का रेस्क्यू किया है। तेंदुआ दिखने से गांव में दहशत का माहौल है। घायल तेंदुए को उपचार के बाद जंगल में छोड़ा जाएगा।
वन विभाग के अनुसार 10 वर्षीय तेंदुआ एक स्थानीय निवासी के मकान के पीछे घायल अवस्था में दिखा। ग्रामीणों की सूचना पर विभागीय टीम मौके पर पहुंची। रेंजर केवलानंद पांडेय के नेतृत्व में टीम ने तेंदुए को ट्रैंकुलाइज कर काबू में किया। इसके बाद उसे सुरक्षित वन विभाग कार्यालय ले जाया गया।
रेंजर पांडेय ने बताया कि तेंदुए के सिर और शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जो कि चलने-फिरने में असमर्थ और गंभीर रूप से घायल है। पशुपालन विभाग के चिकित्सकों की ओर से उपचार कर पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया जाएगा। संवाद