बागेश्वर। जिले के प्रसिद्ध साहित्यकार केशवानंद जोशी के कुमाऊंनी खंड काव्य कर्ण-कुंती पीड़ का रविवार को विमोचन किया गया। केशवानंद कुमाऊंनी, हिंदी में कई पुस्तकें लिखने के साथ ही दो उपन्यास भी लिख चुके हैं।
रविवार को विकासखंड सभागार में राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य सचिव ज्ञानेंद्र शर्मा, विशेष कार्याधिकारी राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण मोहम्मद यूसुफ, जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष गोविंद भंडारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेंद्र बिष्ट आदि ने पुस्तक का विमोचन किया। वक्ताओं ने खंडकाव्य की सराहना में कहा कि इससे कुमाऊंनी भाषा के संरक्षण में भी मदद मिलेगी। जोशीखोला गोदियाधार (कपकोट) निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक जोशी कुमाऊंनी में सात, हिंदी में चार पुस्तकें लिख चुके हैं। उनके दो उपन्यास भी प्रकाशित हुए हैं। कई कहानियां और खंडकाव्य प्रकाशित हुए हैं।