बागेश्वर। बारिश का दौर थमने के बाद जिले के जंगल आग की चपेट में आने लगे हैं। शनिवार की रात को धरमघर रेंज के वनों में आग लगी। देर रात तक जंगलों में लगी आग से वन संपदा को नुकसान हुआ। मवेशियों का चारा भी आग में जलकर राख हो गया।
शाम से ही मौना, जल्थाकोट और आईटीआई के समीप के जंगल में आग लग चुकी थी। शाम के समय हवा की रफ़्तार तेज होने से आग का दायरा भी बढ़ने लगा। रात तक तीनों स्थानों पर आग काफी फैल चुकी थी। आग से घास, छोटे पौधे, पेड़, चारा पत्ती और छोटे वन्य जीव जल गए। पेड़ों को भी आग लगने से नुकसान हुआ। क्षेत्रवासियों ने बताया कि इस बार अप्रैल और मई के पहले सप्ताह तक लगातार बारिश होने से जंगलों को आग से राहत मिली थी। बारिश का दौर थमने के बाद फिर से जंगल सुलगने लगे हैं। ग्रामीणों की सूचना के बाद वन विभाग की टीमें आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंंची। रेंजर केवलानंद पांडेय ने बताया कि आधी रात तक आग बुझाने का काम चलता रहा। सभी स्थानों पर लगी आग को काबू कर अधिक नुकसान होने से बचाया गया।