बागेश्वर। स्वास्थ्य निदेशक कुमाऊं तारा आर्या ने कहा कि बागेश्वर में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने के लिए सुविधाओं में इजाफा किया जाएगा। उन्होंने जिला अस्पताल के निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं में सुधार पर संतोष जताया।
स्वास्थ्य निदेशक कुमाऊं ने जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि बागेश्वर के जिला अस्पताल में सुविधाओं में लगातार बढ़ोतरी की जा रही है। कहा कि कोरोनाकाल में सुविधाओं में काफी बढ़ोतरी हुई है। ऑक्सीजन के दो प्लांट स्थापित हुए हैं। कहा कि तीन साल पहले भी उन्होंने जिला अस्पताल का निरीक्षण किया था। अब काफी सुधार देखने को मिल रहा है। आगे भी सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। बागेश्वर में मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए हरसंभव कोशिश की जाएगी।
स्वास्थ्य निदेशक ने बताया कि एनएचएम के माध्यम से स्वास्थ्य सुविधाओं में बढ़ोतरी की जाएगी। उन्होंने माना कि मैनपॉवर की कमी का असर स्वास्थ्य सुविधाओं पर पड़ रहा है। इसके लिए शासन को स्थायी अधिकारी, कर्मचारियों की तैनाती का प्रस्ताव दिया जा रहा है। उन्होंने सीएमओ डॉ. सुनीता टम्टा, सीएमएस डॉ. वीके टम्टा को कूड़े के निस्तारण के लिए चतुर्थ श्रेणी कर्मियों को प्रशिक्षण दिलाने के निर्देश दिए। कहा कि इसके लिए नगरपालिका का सहयोग लिया जा सकता है।