बागेश्वर। आंगनबाड़ी सुपरवाइजरों और पोषण मिशन के कार्यकर्ताओं के लिए जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम में खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) लाइसेंस और पंजीकरण की जानकारी दी गई।
सहायक आयुक्त खाद्य संरक्षा व औषधि डॉ. प्रकाश चंद्र ने यह प्रशिक्षण प्रदान किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एफएसएसएआई लाइसेंस या पंजीकरण करवाना अनिवार्य है। इसके माध्यम से उपभोक्ताओं को सुरक्षित और स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराया जा सकता है। विभाग की ओर से खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों की जानकारी दी गई। स्वच्छता के मानकों और लाइसेंस/पंजीकरण की ऑनलाइन प्रक्रिया पर भी विस्तृत चर्चा हुई। प्रतिभागियों को खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। इस मौके पर बाल विकास विभाग के जिला मिशन समन्वयक सुरेंद्र कुमार, भूपेंद्र देव आदि मौजूद रहे।