बागेश्वर। जिले में कोरोना संक्रमण फिर से बढ़ने लगा है। पिछले एक सप्ताह के दौरान 32 नए संक्रमित मिलने के बाद जिला प्रशासन की परेशानी भी बढ़ गई है। जिलाधिकारी विनीत कुमार ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सभी एसडीएम और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से संक्रमण की रोकथाम के लिए गंभीरता और सतर्कता से कार्य करने के लिए कहा। उन्होंने शत प्रतिशत टीकाकरण और तीसरी लहर की रोकथाम के लिए की जा रही तैयारियों के बारे में भी जानकारी ली।
डीएम ने कहा कि कोरोना फिर से जिले में पैर पसारने लगा है। इसकी रोकथाम के लिए बाहर से आने वालों की अनिवार्य रूप से सैंपलिंग कराते हुए ट्रेवल हिस्ट्री ट्रेसिंग करने के निर्देश दिए। ग्राम निगरानी समिति, बीआरटी, सीआरटी को भी सतर्क करने और बाहर से आने वालों की सही ढंग से निगरानी करवाने के लिए कहा। बच्चों को दी जाने वाली दवा का वितरण करने के लिए वर्क प्लान तैयार कर उस पर अमल करने, ऑक्सीजन सिलिंडर व कंसन्ट्रेटर की व्यवस्था करने और अस्पतालों में व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के भी निर्देश दिए। वीसी से जुड़े एसडीएम योगेंद्र सिंह, राकेश चंद्र तिवारी, प्रमोद कुमार और जयवर्द्धन शर्मा ने अपने क्षेत्रों में की जा रही तैयारियों की जानकारी दी। इस मौके पर एसपी अमित श्रीवास्तव, सीडीओ डीडी पंत, एडीएम चंद्र सिंह इमलाल, सीएमओ डॉ. सुनीता टम्टा, सीएमएस डॉ. वीके टम्टा आदि थे।