बागेश्वर। जिले में निर्मित 86 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में से 19 केंद्रों में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) के पद रिक्त हैं। इन रिक्त पदों पर जल्द ही सीएचओ की तैनाती होने की उम्मीद है। स्वास्थ्य विभाग ने मध्य-स्तरीय स्वास्थ्य प्रदाता सीएचओ की दूसरी मेरिट लिस्ट जारी कर दी है। इसमें जिले के लिए 17 अभ्यर्थियों के नाम शामिल हैं।
जिले के बागेश्वर तहसील में रावतसेरा, भंडारीगांव, चारी, काफलीगैर, घिंघारूतोला, सानिउडियार, कांडा, कपकोट तहसील में उधमस्थल, जलमानी, गोगिना, सूपी, बोरबलड़ा, सोराग, वाछम, खाती, बदियाकोट, लोहारखेत, शामा, गरुड़ तहसील में ज्वड़ास्टेट के आयुष्मान आरोग्य मंदिर में सीएचओ की तैनाती नहीं हो सकी है। इन आराेग्य मंदिरों में स्वास्थ्य कर्मियों की नियुक्ति न होने के कारण क्षेत्रीय लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए सीएचसी और जिला अस्पताल पर निर्भर होना पड़ रहा है। जल्द इन क्षेत्रों में लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। स्वास्थ्य विभाग ने मध्य-स्तरीय स्वास्थ्य प्रदाता सीएचओ की दूसरी मेरिट लिस्ट जारी कर दी है। इसमें जिले के लिए 17 अभ्यर्थियों का चयन किया है। आगामी दिनों में होने वाली काउंसलिंग के दौरान अभ्यर्थियों के दस्तावेज का सत्यापन कर नियुक्ति स्थान की जानकारी दी जाएगी।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के जिला प्रबंधक ने बताया कि अभी ऐसी कोई सूचना विभाग के पास नहीं आई है। निदेशालय से जानकारी और दिशा निर्देश मिलने के बाद अभ्यर्थियों की काउंसलिंग कराई जाएगी। -डॉ. आदित्य कुमार तिवारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, बागेश्वर