बागेश्वर। बीएसएनएल की ओर से दुग नाकुरी और कांडा तहसील क्षेत्र के कुुछ हिस्सों को ऑप्टिकल फाइबर केबल (ओएफसी) से जोड़ने का काम चल रहा है। इस काम में धीमी गति अपनाए जाने से कपकोट क्षेत्र के विधायक खफा हैं। उन्होंने बीएसएनएल के अभियंताओं से केबल बिछाने के काम में तेजी लाने को कहा है।
बरसात का मौसम सिर पर है यदि केबल बिछाने के काम में तेजी नहीं आई तो कई परेशानियां झेलनी पड़ेंगी। विधायक फर्स्वाण ने बताया कि बालीघाट से दोफाड़, रीमा से धरमघर क्षेत्र को ओएफसी से जोड़ने के लिए लाइन बिछाने का काम चल रहा है, लेकिन इस काम मे धीमी गति अपनाई जा रही है।
जिस गति से काम चल रहा है। उससे तो समय पर काम पूरा होने की उमीद नहीं है। थोड़े समय बाद वर्षाकाल शुरू होने वाला है। बरसात में क्षेत्र के अनेक गांवों में आपदा आ जाती है। संचार सुविधा दुरुस्त न होने से समय पर सूचना नहीं मिल पाती है। इस कारण प्रभावित क्षेत्रों में राहत और पुनर्वास के कार्यक्रम भी समय से शुरू नहीं हो पाते हैं। उन्होंने बीएसएनएल के अभियंताओं से ओएफसी बिछाने के काम में शीघ्र तेजी लाने को कहा है।