गरुड़ के फटगली के जंगल में आग बुझाते फायर ब्रिगेड कर्मी। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। फायर ब्रिगेड की टीम ने फटगली के जंगल में लगी आग को आबादी तक पहुंचने से रोका। बृहस्पतिवार को जजी के पास लगी आग पर भी फायर सर्विस की टीम ने काबू पाया।
बुधवार शाम गरुड़ फायर स्टेशन को फटगली क्षेत्र में जंगल में आग लगने की सूचना मिली। आग से आवासीय मकानों को खतरा था। सूचना पर प्रभारी अग्निशमन अधिकारी डुंगर सिंह फायर टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। फायर टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए वन विभाग की टीम के साथ मोटर फायर इंजन वाहन के वाटर पंप से जंगल में लगी आग को पूर्ण रूप से बुझा लिया।
इधर, बृहस्पतिवार की शाम करीब चार बजे जिला जजी के पास झाड़ियों में आग लग गई। सूचना पर मौके पर पहुंची फायर सर्विस की टीम ने आग पर काबू पाया। आग लगने की घटनाओं के पीछे अराजक तत्वों का हाथ होना माना जा रहा है।