बागेश्वर में फिट इंडिया मुहिम के तहत व्यायाम करते युवा। विज्ञप्ति
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। नेहरू युुवा केंद्र (एनवाईके) की ओर से स्वास्थ्य और फिटनेस पर आधारित फिट इंडिया मुहिम के तहत जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में 60 युवाओं ने शामिल होकर योग, व्यायाम आदि शारीरिक गतिविधियां कर लोगों को फिट रहने का संदेश दिया। जिलेवासियों से रोजाना व्यायाम और योग का अभ्यास कर शारीरिक और मानसिक फिटनेस बनाए रखने की अपील की।
फिट इंडिया जागरूकता कार्यक्रम में कौशल विकास केंद्र के प्रशिक्षक नितेश कुमार ने युवाओं को योग और व्यायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में लोगों को रोजाना की भागदौड़ और तनाव से गुजरना पड़ता है। ऐसे में शरीर को बीमारियों से बचाने और फिट रखने के लिए योग और व्यायाम ही कारगर उपाय है। उन्होंने युवाओं से इस मुहिम को लोगों तक पहुंचाने के लिए कहा। इस दौरान युवाओं को जल शक्ति मिशन के तहत जल संरक्षण का संदेश भी दिया गया। जिला युवा अधिकारी ध्रुव डोगरा ने युवाओं से जनहित के कार्यों में बढ़ चढ़कर भागीदारी कर विभिन्न जनहित के मुद्दों पर लोगों को जागरूक करने के लिए कहा। कार्यक्रम में हिमांशु पांडेय, कमलेश गढ़िया, कंचन आर्या, योजना आर्या, उर्मिला, जयदीप कुमार आदि रहे।