बागेश्वर। जिले में बारिश का दौर थमते ही वनाग्नि की घटनाएं फिर से बढ़ने लगी हैं। रवाईंखाल के समीपवर्ती जंगलों में भीषण आग लग गई। तेज हवाओं ने आग में पेट्रोल का काम किया, लपटें रवाईंखाल से सिमार तक के विस्तृत क्षेत्र में फैल गईं।
बीते शनिवार से खिली तेज धूप के बाद रविवार सुबह करीब 11 बजे अचानक रवाईंखाल के जंगल धधक उठे। चीड़ का जंगल होने के कारण आग ने तेजी पकड़ी और पूरे इलाके को अपनी आगोश में ले लिया। स्थानीय लोगों ने वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हो गई। रेंजर केवलानंद पांडेय ने बताया कि आग लगने की जानकारी मिलते ही वन कर्मियों को तत्काल मौके पर भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि आग पर जल्द काबू पाने के प्रयास किए जा रहे हैं। वन विभाग ने ग्रामीणों से भी वनों को सुरक्षित रखने में सहयोग की अपील की है। संवाद
.