नरग्वाड़ी गांव के एक घर में रविवार रात बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी आग में एक बुजुर्ग जिंदा जल गया। उसकी पत्नी भी झुलस गई। फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया जा सका लेकिन तब तक काफी सामान जलकर राख हो चुका था।
नरग्वाड़ी ग्राम पंचायत के गोपाल सिंह परिहार (80) और उनकी पत्नी हरूली देवी (75) तीन मंजिले मकान के नीचे वाले कमरे में सोए थे। रविवार रात करीब 10 बजे अचानक घर में आग लग गई। आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग ने सोए गोपाल सिंह परिहार और उनकी पत्नी को भी चपेट में ले लिया।
गोपाल सिंह की तो मौके पर ही मौत हो गई जबकि पत्नी पत्नी किसी तरह जान बचाकर बाहर आ गईं। आग दूसरी मंजिल पर पहुुंचने से पहले गोपाल के बेटे चंदन सिंह और बहू पुष्पा देवी दौड़कर घर के बाहर आ गए।
इस बीच पड़ोस के लोग भी जाग गए। उन्होंने पानी और मिट्टी फेंककर आग बुझाने का प्रयास किया। इसी बीच सूचना पाकर फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंच गई। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
सूचना पर एसडीएम सुंदर सिंह बिष्ट, तहसीलदार दया चंद्र टम्टा और राजस्व निरीक्षक त्रिभुवन बोरा रात में ही मौके पर पहुंचे। कानूूनगो त्रिभुवन बोरा ने बताया कि दुर्घटना में प्रभावित परिवार की एक लाख रुपये की संपत्ति राख हो गई है। जिपं उपाध्यक्ष देेवेंद्र परिहार और ग्राम प्रधान राजेंद्र परिहार ने शासन-प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।