कांडा के लमजिंगड़ा गांव में जलकर खाक हुए घास के ढेर। विज्ञप्ति
- फोटो : BAGESHWAR
कांडा (बागेश्वर)। तहसील क्षेत्र के लमजिंगड़ा गांव में आग लगने से घास के छह ढेर जल गए। रात के समय आग लगने के कारण आग पर काबू पाने में काफी परेशानी हुई। सूचना के बाद कमेड़ीदेवी चौकी से दो पुलिस कर्मी भी मौके पर पहुंचे लेकिन घास के ढेर को जलने से बचाया नहीं जा सका।
लमजिंगड़ा गांव के लमधारा तोक में बुधवार की रात को भोला दत्त और पार्वती देवी के घास के ढेर में अचानक आग लग गई। आग लगने की जानकारी होने पर ग्रामीण आग बुझाने को दौड़े और पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक आग से सभी ढेर जल गए थे। वहीं ग्राम प्रधान दीपा देवी ने ग्राम प्रहरियों से सजग रहने को कहा है। उन्होंने कहा कि गर्मी बढ़ने के साथ आग लगने का खतरा भी बढ़ जाता है। जंगल के समीपवर्ती गांवों में अधिक खतरा है। उन्होंने प्रशासन से भी प्रभावितों को आर्थिक मदद देने की मांग की है।