बागेश्वर। नगरपालिका प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर निधि योजना के अंतर्गत शहरी निकायों के फेरी, फड़ व्यवसायियों को दस हजार रुपये का ऋण उपलब्ध कराएगी। जिसमें ब्याज दर में नौ फीसदी छूट मिलेगी।
अनुश्रवण क्रियान्वयन समिति की बैठक में अधिशासी अधिकारी राजदेव जायसी ने प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर योजना के क्रियान्वयन और अनुश्रवण की जानकारी ली। सिटी मिशन मैनेजर उर्मिला बिष्ट ने कहा कि योजना के अंतर्गत ऋण मे मिलने वाली नौ फीसदी ब्याज के छूट में से सात फीसदी केंद्र और दो फीसदी राज्य सरकार अनुदान देगी। ब्याज अनुदान त्रैमासिक रूप से मिलेगा। योजना के अंतर्गत ब्याज अनुदान एक जुलाई 2020 से 31 मार्च 2022 तक उपलब्ध रहेगा। कहा कि 80 पंजीकृत फेरी फड़ व्यवसायियों को पहचान पत्र उपलब्ध करा दिए गए हैं। लीड बैंक अधिकारी एमएस पांगती ने कहा कि ऋण के लिए फेरी फड़ व्यवसायियों का पंजीकरण करवाना आवश्यक है। जो लोग छूट गए हैं वह पंजीकरण करा लें ताकि उन्हें योजना का लाभ मिल सके। बैठक में आरआरसीसी हेड वैभव कपिल, स्टेट बैंक से विशाल सिंह, ग्रामीण बैंक प्रबंधक विजय आर्या, फड़ व्यवसाय कल्याण समिति अध्यक्ष किशन राम, सचिव भीम कुमार, लीला देवी, प्रेमा उपाध्याय आदि मौजूद थे। संवाद