बागेश्वर। जिले में दूरसंचार प्रणाली बहुत कमजोर है। यहां कई गांवों में मोबाइल फोन काम ही नहीं करते हैं। मोबाइल पर इंटरनेट चलाना तो दूर बात करना भी मुश्किल हो रहा है। इसमें सुधार के लिए डीएम की अध्यक्षता में जिला स्तरीय टेलीकॉम समिति का गठन किया गया है। इसमें एडीएम सदस्य सचिव सहित एसपी, सीएमओ, सचिव डीडीए, ईई लोनिवि बागेश्वर/कपकोट, ईई यूपीसीएल भास्कर पांडे, ईओ नगर पालिका, नगर पंचायत कपकोट, एसडीई दूरसंचार को सदस्य बनाया गया है।
एडीएम राहुल कुमार गोयल ने बताया कि समिति के माध्यम से टेलीकॉम इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इसके तहत टेलीकॉम टावर की स्थापना, निर्माण आदि के से संबंधित समस्याओं का समाधान भी किया जाएगा। समिति द्वारा टेलीकॉम क्षेत्र में की जा रहे विभिन्न कार्यों के संबंध में दी जाने वाली अनुमति समेत नवीनीकरण भी किया जायेगा। समिति टेलीकॉम क्षेत्र में आने वाली विभिन्न समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्रों का समाधान 30 दिन के निर्धारित समयावधि में किया जाएगा। यह समिति विभिन्न दायित्वों का निर्वहन कर जिले में मजबूत टेलीकॉम इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण करेगी। टेलीकॉम क्षेत्रों की विभिन्न समस्याओं के निस्तारण का प्रयास करेगी।