कपकोट (बागेश्वर)। कपकोट तहसील क्षेत्र में मानसून के दौरान बिजली की लाइन को काफी नुकसान हुआ है। हरसीला क्षेत्र के 25 से अधिक गांवों में सोमवार की रात 24 घंटे तक बिजली गुल रही।
सोमवार को हरसीला क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। हरसीला, पोलिंग, लीली, बैसानी, जगथाना, नान कन्यालीकोट, असों, गैरखेत, गोलना, पुड़कूनी, चलकाना समेत क्षेत्र के सभी गांवों की बिजली गुल हो गई। रात को भी बिजली आपूर्ति सुचारू नहीं होने से लोगों को बिना बिजली के रात गुजारनी पड़ी। बिजली नहीं होने से लोगों को मोबाइल चार्ज करवाने में दिक्कत हुई। विद्यार्थियों को पढ़ाई में परेशानी हुई तो लोगों के रोजमर्रा के कामकाज पर भी असर पड़ा।
यूपीसीएल के एसडीओ एसएस भंडारी ने बताया कि सोमवार को लाइन में एक पक्षी चिपक गया था। शॉर्ट सर्किट होने से क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित थी। फाॅल्ट सही करने के बाद पूरे क्षेत्र की आपूर्ति सुचारू करा दी गई है। संवाद