जागेश्वर (अल्मोड़ा)। खेती–जटेश्वर मोटर मार्ग को नैनी–सेराघाट मोटर मार्ग से जोड़ने की मांग अब परिणाम की ओर बढ़ती दिख रही है। लगभग 5.5 किलोमीटर लंबी सड़क के लिए प्रथम चरण की रिपोर्ट तैयार हो गई है। रविवार को पीएमजीएसवाई के अधिकारी निरीक्षक के लिए द्योलीबगड़ पहुंचे। इससे आसार हैं कि जल्द सड़क का निर्माण कार्य शुरू होगा। लंबे समय से ग्रामीण इस मार्ग के निर्माण की मांग कर रहे थे।
पूर्व ब्लॉक प्रमुख पीतांबर पांडे और ग्रामीणों का कहना है कि यह बनने से क्षेत्र का सामाजिक और आर्थिक विकास तेजी से होगा। इसके अलावा क्षेत्र से हो रहे पलायन में भी कमी आएगी। इस संबंध में ग्रामीणों ने धौलादेवी ब्लॉक प्रमुख लीला बिष्ट को ज्ञापन सौंपा था। ब्लॉक प्रमुख ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिशासी अभियंता को प्रेषित किया था। पीएमजीएसवाई के जेई विनीत तोमर ने बताया कि लगभग 5.5 किलोमीटर लंबी सड़क के लिए प्रथम चरण की रिपोर्ट तैयार हो गई है। जिसे शीघ्र अग्रिम कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा। इस मौके पर ग्राम प्रधान कोला बसंत जोशी, धूरा टांक के सुरेश जोशी, गोपाल दत्त, नंदा बल्लभ जोशी, किशन सिंह, नंदा बल्लभ पांडे, रमेश चंद्र, ललित मोहन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।