बागेश्वर। कक्षा 11 और 12 में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को अब स्थायी निवास, जाति, आय, चरित्र सहित अन्य आवश्यक प्रमाणपत्र स्कूल में ही उपलब्ध कराए जाएंगे।
डीएम आशीष भटगांई ने अपणों स्कूल, अपणू प्रमाण पहल के तहत प्रमाणपत्रों को स्कूल स्तर पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। बृहस्पतिवार को इस संबंध में हुई बैठक में डीएम ने सभी एसडीएम और सीईओ से कहा कि छात्रों को प्रमाणपत्र समय से उपलब्ध होने चाहिए।
उन्होंने तहसील स्तर पर एसडीएम की अध्यक्षता में खंड शिक्षा अधिकारियों को सम्मिलित कर समिति गठित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि यह समिति जिले के कक्षा 11 और 12 के छात्रों की संख्या का आकलन करेगी और स्कूलों में प्रमाणपत्र बनाने के लिए राजस्व उप निरीक्षक, कानूनगो और सीएससी डाटा एंट्री ऑपरेटर तिथिवार रोस्टर बनाकर प्रमाणपत्र बनाएंगे।
डीएम ने प्रमाणपत्र जारी करने के लिए निर्धारित समयसीमा की कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में एडीएम एनएस नबियाल, एसडीएम मोनिका, जितेंद्र वर्मा, अनिल सिंह रावत, सीईओ जीएस सौन सहित कई लोग मौजूद रहे।