कपकोट (बागेश्वर)। नया शिक्षा सत्र शुरू होने के बाद स्कूलों में प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। हालांकि कुछ विद्यालयों में अब भी नए प्रवेश नहीं हुए हैं। पिछले तीन साल से एक बालिका के भरोसे चल रहे राजकीय प्राथमिक विद्यालय गोलना को भी छात्र संख्या बढ़ने का इंतजार है।
राप्रावि गोलना की एकमात्र छात्रा इस साल कक्षा पांच में प्रवेश कर गई है। 2023 से वह विद्यालय की एकमात्र विद्यार्थी है। इससे पहले 2022 में तीन विद्यार्थी स्कूल में पढ़ते थे। विद्यालय में नए प्रवेश नहीं होने से स्कूल बंद होने की कगार पर पहुंच गया है। हालांकि स्कूल में पढ़ाने वाली शिक्षिका मुन्नी गढि़या को उम्मीद है कि इस साल नए प्रवेश होंगे। उन्होंने बताया कि स्कूल में बच्चों को प्रवेश दिलाने के लिए गांव में संपर्क किया जा रहा है। लोगों को सरकारी विद्यालय में मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी जा रही है। हालांकि अब तक किसी अभिभावक ने अपने बच्चे को प्रवेश दिलाने के लिए संपर्क नहीं किया है। बीईओ चक्षुष्पति अवस्थी ने बताया कि अप्रैल के पूरे महीने प्रवेश होते रहते हैं। फिलहाल विद्यालय में नया प्रवेश होने की पूरी उम्मीद है। स्कूलों की छात्रसंख्या के बारे में स्पष्ट जानकारी 15-20 अप्रैल के बाद ही मिल सकेगी।