चीराबगड़ से कपकोट की ओर आ रहा डंपर बाइकों को बचाते समय 100 मीटर नीचे सरयू में जा गिरा। हादसे में चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
डंपर नंबर यूके 04ई/9915 कर्मी रूट पर बन रही बिजली परियोजना के काम में लगा था। मंगलवार की रात करीब 10 बजे यह डंपर कपकोट बाजार स्थित कंपनी के गैराज की ओर आ रहा था। इस दौरान डंपर के ड्राइवर ने सामने से आ रही दो बाइकों को बचाने का प्रयास किया, जिससे डंपर असंतुलित हो गया और लोहे की रेलिंग तोड़कर 100 मीटर नीचे सरयू में जा गिरा।
डंपर के गिरने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। उनकी मदद से मटेला काफलीगैर निवासी डंपर चालक ललित सिंह, रीमा निवासी नवीन सिंह, डुंगरी निवासी भूपाल सिंह को नदी से बाहर निकाला गया। इन्हीं लोगों ने तीनों घायलों को सरकारी अस्पताल में पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने तीनों को छुट्टी दे दी।
प्रत्यक्षदर्शी कैलाश चंद्र जोशी और प्रकाश जोशी ने बताया कि घटनास्थल पर पेड़ होने के कारण डंपर की स्पीड कम थी। जिस कारण जनहानि नहीं हुई, अलबत्ता डंपर के परखचे उड़ गए। उन्होंने लोनिवि से सड़क के किनारे सीमेंट कंक्रीट के पैराफिट बनवाने की मांग की, ताकि हादसाें को रोका जा सके।