पखवाड़े भर बाद भी नहीं हो सकी पेयजलापूर्ति
उपभोक्ताओं ने जल संस्थान कार्यालय में की नारेबाजी
अमर उजाला ब्यूरो
बागेश्वर। भूस्खलन के कारण अमसरकोट पास टूटी पेयजल लाइन 16 दिन बाद भी नहीं जोड़ी जा सकी है। इस कारण यहां मजियाखेत, तहसील रोड, नदीगांव में 16 दिन से पेयजल की आपूर्ति ठप है। पखवाड़े भर बाद भी पानी की आपूर्ति बहाल न होने पर लोगों का धैर्य जवाब देने लगा है। मंगलवार को आक्रोशित लोगों ने जल संस्थान कार्यालय में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इससे परेशान उपभोक्ताओं ने बुधवार तक पानी न आने पर तहसील रोड पर जाम लगाने की चेतावनी दी है।
सभासद नीमा दफौटी के नेतृत्व में मंगलवार को लोग जल संस्थान कार्यालय पहुंचे लेकिन वहां ईई एमके टम्टा नहीं मिले। इससे नाराज उपभोक्ताओं ने जोरदार नारेबाजी की। कहा कि जल संस्थान के बिल की दरें बढ़ती जा रही हैं। लेकिन पानी आपूर्ति व्यवस्था चरमराते जा रही है।
शहर में कई जगह लीकेज के कारण सड़कें टूट रही हैं लेकिन जल संस्थान न तो लीकेज सुधार सका और न ही तहसील रोड पर पानी की आपूर्ति ही बहाल कर सका। समस्या सुलझाने के लिए वैकल्पिक उपाय भी नहीं किये जा रहे हैं। एकमात्र टैंकर से पूरे जिले की प्यास बुझाने का दावा झूठा है। इस दौरान गीतांजलि, नीमा बोरा, बंशीधर जोशी, तुलसी देवी, उषा देवी, हीरा देवी, पार्वती देवी आदि थे। ब्यूरो
नोट... इसकी डीसी फोटो नंबर 11पी है।