कांडा (बागेश्वर)। सीएचसी कांडा में विगत दस दिनों से पेयजल किल्लत है। नल में पानी नहीं आने से चिकित्सकों, कर्मचारियों, मरीजों और तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वार्ड और शौचालयों की सफाई भी नहीं हो पा रही है।
अस्पताल में पेयजल उपलब्धता बनाए रखने के लिए दो योजनाओंं से संयोजन दिए गए है। पुरानी योजना के स्रोत में पानी की कमी के कारण आपूर्ति बाधित है। जल जीवन मिशन योजना के तहत दिए गए कनेक्शन में भी इन दिनों दिक्कत हो गई है। डॉ. दिवाकर पांडेय ने बताया कि मौसम में बदलाव के कारण बीमारियां भी बढ़ रही हैं। इन दिनों 35 से 40 मरीज ओपीडी में जांच कराने पहुंच रहे हैं। अस्पताल की आपूर्ति ठप होने से मरीजों को पीने के लिए पानी नहीं मिल पा रहा है। वार्ड के कमरों को धोने में दिक्कत हो रही है। वॉश बेसिन, शौचालयों की भी सफाई भी नियमित नहीं हो पा रही है। कहा कि जल्द संकट का निदान नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में परेशानी अधिक बढ़ जाएगी। जल निगम के ईई विपिन कुमार रवि ने बताया कि मोटर में खराबी आने से पेयजल संकट था। अब पंप की मरम्मत कर ली गई है। रविवार को अस्पताल में आपूर्ति सुचारू हो जाएगी।