बागेश्वर में इसी करुली बैंड से बनाई जानी है गाजली, बिजोरिया गांव की सड़क।
- फोटो : BAGESHWAR
कपकोट/बागेश्वर। यहां करुली बैंड से गाजली-क्लाग-बिजोरिया गांव तक सड़क बनाई जा रही है। ग्रामीणों ने इसके एलाइनमेंट (समरेखन) पर आपत्ति जताई है। महतगांव निवासी हरीश चंद्र जोशी ने बताया कि अगर यह सड़क महतगांव से बनती तो 500 परिवारों को लाभ होता जबकि करुली बैंड से सिर्फ दो परिवारों को लाभ मिलेगा।
आरोप है कि अनावश्यक रूप से मोड़ देकर सड़क को आबादी के बीच पहुंचाया जा रहा है। इससे ग्रामीणों के आवासीय भवन, उपजाऊ जमीन और पेयजल स्रोत टूटने का खतरा है जबकि इसे वन पंचायत की जमीन पर बनाया जाना चाहिए, क्योंकि मुख्यमंत्री की घोषणा के मुताबिक महतगांव-गाजली-हिरमोली-क्लाग गांव की सड़क भी जल्द बनने की उम्मीद है। इस विसंगति से ग्रामीणों में गुस्सा है। उन्होंने कानूनी कार्रवाई समेत आंदोलन की भी चेतावनी दी है। इनमें कुंदन धपोला, हयात सिंह, मनोज जोशी, खीमानंद जोशी, दयाल जोशी, गिरीश जोशी आदि शामिल हैं। ब्यूरो