बागेश्वर में बेकरी का उद्घाटन करते डीएम विनीत कुमार। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। कोरोना काल में अधिकतर लोगों का रोजगार छिन चुका है। पीएम, सीएम स्वरोजगार योजनाओं के माध्यम से लोग स्वरोजगार की राह पकड़ रहे हैं। बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी विनीत कुमार ने स्वरोजगार की शुरूआत कर रहे देवलचौरा निवासी हरीश मेहरा के कंप्यूटर सेंटर और शांति गढ़िया के बेकरी सेंटर का शुभारंभ किया।
डीएम ने बताया कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत रोजगार शुरू करने के लिए हरीश को तीन लाख और शांति गढ़िया को 10 लाख रुपये का ऋण उपलब्ध हुआ है। उन्होंने कहा कि कंप्यूटर सेंटर खुलने से यहां के विद्यार्थियों को लाभ मिलेेगा। इसमें सीएससी सेंटर का भी संचालन किया जा रहा है। ताकि लोगों को ऑनलाइन काम निपटाने में आसानी हो। बेकरी का शुभारंभ करते हुए डीएम ने कहा कि महिला द्वारा स्वरोजगार शुरू करना सराहनीय कार्य है। इससे अन्य महिलाओं को भी प्रेरणा मिलेगी। जिलाधिकारी ने त्वरित गति से ऋण उपलब्ध कराने के लिए कैनरा बैंक की सराहना की है। कार्यक्रम में उद्योग विभाग के महाप्रबंधक जीपी दुर्गापाल, कैनरा बैंक शाखा प्रबंधक हरीश सिंह रावत, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विक्रम सिंह शाही, ब्लॉक प्रमुख कपकोट गोविंद सिंह दानू, भाजपा युवा मोर्चा उपाध्यक्ष सुरेश गढ़िया, पूर्व जिला पंचायत सदस्य जानकी मेहता, ग्राम प्रधान देवलचौरा भागीरथी देवी, सुंदर सिंह गढ़िया आदि मौजूद रहे।