डिग्री कॉलेज के खेल मैदान में माध्यमिक शिक्षा की जिलास्तरीय शीतकालीन खेलकूद प्रतियोगिता शुरू
- फोटो : अमर उजाला
बागेश्वर डिग्री कॉलेज के खेल मैदान में माध्यमिक शिक्षा की जिलास्तरीय शीतकालीन खेलकूद प्रतियोगिता का आगाज हुआ। 100 मीटर दौड़ में सूजल और तुलसी सबसे तेज रहे। प्रतियोगिता में जिले के सात जोन के अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के खिलाड़ी भागीदारी कर रहे हैं।
खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक पार्वती दास ने किया। अंडर-17 आयु वर्ग की 100 मीटर दौड़ में सूजल जोशी और तुलसी आर्या ने बाजी मारी। अंडर-14 आयु वर्ग के 200 मीटर दौड़ में आर्यन रौतेला और हर्षिता परिहार, 600 मीटर दौड़ में सचिन और खुशी धामी ने क्रमश: बालक और बालिका वर्ग में पहला स्थान हासिल किया।
ये पढ़ें- Rudrapur News: नशीले इंजेक्शनों के साथ एक तस्कर गिरफ्तार, आरोपी ने बाइक छोड़कर भागने की कोशिश की थी
लंबी कूद में आर्यन रौतेला और भावना खेतवाल अपने-अपने वर्ग में विजेता रहे। गोला फेंक के अंडर-14 बालक वर्ग में पवन सिंह और अंडर-17 के बालिका वर्ग में कृतिक बोरा ने बाजी मारी। जिला खेल समन्वयक कमलेश तिवारी ने बताया कि प्रतियोगिता में बागेश्वर, कपकोट, गरुड़, कांडा, बनलेख, काफलीगैर और बैसानी जोन के खिलाड़ी भागीदारी कर रहे हैं। कार्यक्रम के अध्यक्ष सीईओ गजेंद्र सिंह सौन और संयोजक प्रधानाचार्य दीप चंद्र जोशी रहे। वहां पर अंजू कालाकोटी, कुंदन कालाकोटी, गोपाल मेहता, गोपाल भंडारी, राहुल खुल्बे, देवेंद्र कोरंगा, गोविंद डसीला, कुलदीप वर्मा, ललित नेगी आदि मौजूद रहे।