बागेश्वर जिला अस्पताल में सीएमएस को ज्ञापन देते युवा कांग्रेस कार्यकर्ता। संवाद
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। जिला युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. सत्यप्रकाश त्रिपाठी को ज्ञापन दिया। इसमें उन्होंने कहा कि अस्पताल आदि सार्वजनिक स्थानों पर रोकथाम के उपाय होने चाहिए। अस्पताल आने वाले हर मरीज को मास्क और सेनेटाइजर निशुल्क दिए जाने चाहिए। कोरोना वायरस से बचाव के लिए अस्पताल प्रबंधन से ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता अभियान भी चलाने की मांग की। इनमें जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष दर्शन कठायत, कुलदीप मेहता, सूर्यभान दफौटी, जीतू चंदोला, योगेश परिहार, गोकुल परिहार, पुष्कर परिहार आदि थे।
हाथ धोने को शौचालयों में साबुन तक नहीं
बागेश्वर। कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए शासन-प्रशासन ने एडवाइजरी तो जारी कर दी लेकिन सरकारी कार्यालयों समेत सार्वजनिक शौचालयों में हाथ धोने के लिए साबुन तक की व्यवस्था नहीं की गई है।
कोरोना के संक्रमण से बढ़ते मरीजों को देखते हुए सरकार एहतियात बरत रही है। स्वास्थ्य महकमे को अलर्ट किया गया है। संक्रमण से रोकथाम के लिए जरूरी साधन जुटाने को कहा गया है। स्वच्छता में विशेष ध्यान देने के लिए लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। स्वच्छता, जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं लेकिन जिला मुख्यालय के तहसील परिसर समेत विकास भवन स्थित शौचालय में सेनेटाइजर तो दूर हाथ धोने के लिए साबुन तक नहीं रखा गया है। शौचालयों से उठती दुर्गंध से समस्या बढ़ रही है।
नगर स्थित सार्वजनिक शौचालयों में भी साबुन नहीं मिला। इससे लोगों के संक्रमित होने का खतरा है।