बागेश्वर। नगर पालिका में बोर्ड गठन के बाद वार्डों में विकास कार्यों की कवायद शुरू हो गई है। नगर पालिका नारायण देव वार्ड में 53.65 लाख रुपये से विकास कार्य होंगे इसके लिए निविदा प्रक्रिया शुरू हो गई है।
पालिका क्षेत्र के नारायण देव वार्ड के कफलखेत में अर्जुन सिंह के घर से प्रकाश सिंह के घर की ओर एक लाख 50 हजार रुपये से सीसी मार्ग का निर्माण, बड़ेत तोक में भूपेंद्र सिंह के घर से नंदन सिंह के खेत तक छह लाख 70 हजार रुपये से सीसी मार्ग का निर्माण, कफलखेत में संजय वर्मा के मकान से पानी के नौले तक दो लाख 45 हजार रुपये से सीसी मार्ग का निर्माण होगा। बड़ेत तोक में सात लाख 80 हजार रुपये से गोदावरी धारे का सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
त्यूनरा में पानी की निकासी के लिए पप्पू वर्मा के घर से दिनेश लाल के खेत से होते हुए मैन रोड तक नाली का निर्माण, त्यूनरा तोक में मनोहर लाल के घर से गोदावरी धारे की पुलिया तक दो लाख 50 हजार रुपये से सीसी मार्ग का निर्माण और सैंज तोक में तीन लाख 40 हजार रुपये से पेट्रोल पंप से कलक्ट्रेट रोड के किनारे नालियों को लोहे की जाली से कवर करने का कार्य किया जाएगा। ईओ मुहम्मद यामीन ने बताया कि वार्ड में विभिन्न विकास कार्यों के लिए निविदा शुरू कर दी है । जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिए जाएंगे। संवाद