गरुड़ (बागेश्वर)। उप स्वास्थ्य केंद्र कंधार में तैनात एकमात्र डॉक्टर का तबादला जिला मुख्यालय होने के बाद अस्पताल में डॉक्टर का पद 15 दिन से खाली है। पिंगलों और भिलकोट न्याय पंचायत के ग्रामीणों ने दूसरे डॉक्टर की तैनाती की मांग की है। एक सप्ताह में मांग पूरी न होने पर सीएमओ कार्यालय में प्रदर्शन किया जाएगा।
भिलकोट और पिंगलों न्याय पंचायत के ग्रामीणों ने शुक्रवार को डीजी स्वास्थ्य और स्वास्थ्य मंत्री को ज्ञापन भेजे। इनमें कहा गया है कि उप स्वास्थ्य केंद्र कंधार चमोली और बागेश्वर की सीमा पर स्थित है। विभाग ने यहां तैनात डॉक्टर का स्थानांतरण जिला मुख्यालय कर दिया है।
जिसके चलते क्षेत्र के लोगों को सीएचसी बैजनाथ जाने को मजबूर है। मनाखेत के पूर्व प्रधान नंदन सिंह बोरा, भाजपा नेता कैप्टन कुंदन सिंह कबडोला, ग्वाड़ के प्रधान सिकंदर अली, डंगोली के प्रधान हीरा सिंह बोरा ने स्वास्थ्य विभाग से अस्पताल में डॉक्टर की तैनाती की मांग की है। विधायक चंदन दास ने सीएमओ से तत्काल अस्पताल में डॉक्टर भेजने को कहा है।