बागेश्वर के चिल्ठा मंदिर में पूजा करते ब्लॉक प्रमुख दानू और अन्य लोग। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
कर्मी के मां चिल्ठा मंदिर को पर्यटन सर्किट से जोड़ने की मांग उठने लगी है। मंदिर में चैत्र नवरात्र के समापन पर हुई पूजा में कपकोट के ब्लॉक प्रमुख गोविंद सिंह दानू भी पहुंचे। उन्होंने चिल्ठा मंदिर को पर्यटन सर्किट से जोड़ने की मांग का समर्थन किया। सरमूल-सहस्त्रधारा, मजुवा टॉप के महादेव मंदिर, धाकुड़ी, पंगू टॉप और चिल्ठा मंदिर को एक सर्किट में जोड़कर क्षेत्र का विकास करने की बात कही।
चैत्र नवरात्र के समापन पर मंदिर में भव्य पूजा का आयोजन हुआ। बर्फबारी के बीच भक्तों ने उत्साह के साथ पूजा में भागीदारी की। प्रमुख दानू ने भी पूजा-अर्चना कर कोविड से मुक्ति दिलाने का आशीर्वाद मांगा। प्रमुख ने मंदिर कमेटी की मांग पर मंदिर में पेयजल टैंक बनवाने, बिजली, शौचालय, सोलर लाइट लगाने की घोषणा की। अन्य विभागों से संपर्क कर सुरक्षा दीवार लगवाने का भी आश्वासन दिया।
उन्होंने क्षेत्र के प्राकृतिक सौंदर्य को देश दुनिया के नक्शे में लाने की बात कही। कहा कि पर्यटन सर्किट बनाकर क्षेत्र को पर्यटन, वन विभाग और लोनिवि के सहयोग से विकसित किया जाएगा। क्षेत्र का विकास होगा तो पिंडारी, कफनी और सुंदरढूंगा के साथ मां चिल्ठा में भी सैलानियों की आमद बढ़ेगी। पूजा कार्यक्रम में मंदिर कमेटी के अध्यक्ष तेज सिंह दानू, उपाध्यक्ष नारायण कर्म्याल, गोकुल देव, ग्राम प्रधान कौशल्या दानू, उमराव सिंह दानू, दयाल कर्म्याल आदि थे।