बागेश्वर। युवा कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने कोरोना महामारी के कारण चार महीने से ठप चल रहे जिम और खेल गतिविधियों को संचालित करने की मांग की है।
शनिवार को कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी राकेश चंद्र तिवारी को सौंपे ज्ञापन में कहा है कि कोरोना काल में लॉकडाउन के चलते बंद हुए व्यावसायिक प्रतिष्ठान धीरे-धीरे खुल रहे हैं लेकिन जिम और खेल गतिविधियों को संचालित करने की अनुमति नहीं मिली है। कहा है कि जिम और खेल गतिविधियों से हजारों लोगों की आजीविका चलती है।
लॉकडाउन के बाद यह सभी लोग बेरोजगार हो गए हैं। संस्थान संचालकों ने संस्थान को चलाने को लेकर लाखों रुपये का ऋण लिया है। कहा कि कोरोना काल में संचालकों को आर्थिक राहत देने के लिए ऋण की किश्त को अनुदान देकर माफ किया जाए। ज्ञापन सौंपने वालों में युवा कांग्रेस के सोशल मीडिया प्रभारी भीम कुमार, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष गोकुल परिहार, गीतांजलि, प्रकाश वाछमी आदि शामिल थे।