बागेश्वर में रेल लाइन निर्माण की मांग को लेकर जुलूस निकालते संघर्ष समिति के लोग। संवाद न्यूज एजे?
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। बागेश्वर-टनकपुर रेल लाइन निर्माण संघर्ष समिति के सदस्यों ने तहसील परिसर में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। समिति ने केंद्र सरकार से सामरिक महत्व की रेल लाइन के लिए जल्द बजट उपलब्ध कराने की मांग की। सदस्यों ने विधानसभा चुनाव से पूर्व मांग पूरी नहीं होने पर चुनाव बहिष्कार की चेतावनी दी।
संघर्ष समिति की जिलाध्यक्ष नीमा दफौटी ने कहा कि अंग्रेजों के समय में सर्वेक्षण होने के बावजूद हमारी सरकारें रेल लाइन निर्माण को आगे नहीं बढ़ा पाई। पिछले कुछ वर्षों में सर्वे के नाम पर जनता को भ्रमित करने का कार्य किया जा रहा है। कहा कि जिले तक रेल चलने लगेगी तो विकास के नए द्वार खुलेंगे। पलायन को रोकने में भी मदद मिलेगी।
वक्ताओं ने कहा कि जिला मुख्यालय से देहरादून और दिल्ली तक धरना-प्रदर्शन भी पूर्व में किया गया है लेकिन कोई सुध नहीं ली गई। विधानसभा चुनाव से पूर्व बजट जारी नहीं किया तो चुनाव का पूर्ण बहिष्कार किया जाएगा। वहां पर खड़क राम आर्या, विक्रम सिंह ड्योड़ी, हयात सिंह मेहता, वंशीधर जोशी, खीम सिंह मेहता, लक्ष्मी धर्मशक्तू, मालती पांडे, पार्वती पांडे, हेमा जोशी आदि थे।