बागेश्वर के वाछम गांव में बोल्डर गिरने से क्षतिग्रस्त जूनियर स्कूल का भवन। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
ववाछम से खाती को बन रहे मोटर मार्ग से सिरणी तोक में रहने वाले 17 परिवारों को खतरा पैदा हो गया है। मोटर मार्ग से गिरे भारी बोल्डर की चपेट में आने से जूनियर हाईस्कूल का भवन क्षतिग्रस्त हो गया है। संयोग से स्कूल में बोल्डर रविवार को गिरा जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। ग्रामीणों ने डीएम को ज्ञापन देकर मोटर मार्ग निर्माण में बरती जा रही अनियमितताओं की जांच करने और विद्यालय के क्षतिग्रस्त भवन की मरम्मत कराने की मांग की।
वाछम की ग्राम प्रधान मालती देवी ने बताया कि प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत बन रहे मोटर मार्ग निर्माण में ठेकेदार अनियमितता बरत रहे हैं। चट्टान काटने में विस्फोटक का उपयोग किया जा रहा है। इस कारण सरणी तोक में पहाड़ी से लगातार पत्थर गिर रहे हैं। रविवार को एक भारी बोल्डर जूनियर हाईस्कूल के भवन पर आकर गिरा जिससे भवन क्षतिग्रस्त हो गया। स्कूल में रखा सामान भी नष्ट हो गया। बच्चों को अन्यत्र बैठाकर शिक्षा दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि बोल्डर और पत्थर गिरने से सरणी तोक में रहने वालों को खतरा पैदा हो गया है। ग्रामीणों ने डीएम को ज्ञापन देकर सड़क निर्माण की जांच कराने की मांग की। सीईओ को ज्ञापन देकर विद्यालय भवन की मरम्मत के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग की। वहां सामाजिक कार्यकर्ता चंदन सिंह आदि मौजूद रहे।