बागेश्वर। होली के बाद जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ गई है। इससे खून की जांच कराने वालों की संख्या में भी इजाफा हो गया है। सोमवार के बाद अस्पताल में मंगलवार को भी लगातार दूसरे दिन काफी भीड़ रही। पर्ची काउंटर से लेकर डॉक्टरों के कक्ष तक लाइन लगी रही। लोगों को जांच कराने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा।
सोमवार के बाद मंगलवार को भी जिला अस्पताल में सुबह से ही जांच कराने वालों की लाइन लगी रही। पर्ची काउंटर पर नंबर लगाने के बाद कई लोगों को आधे से एक घंटे तक का इंतजार करना पड़ा। पर्ची कटवाने के बाद यही हाल डॉक्टरों के कक्ष के बाहर भी देखा गया। लाइन में लगे कई मरीज परेशान और चिंतित दिखे। इनमें शामिल बुजुर्गों, दिव्यांगों और महिलाओं को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा। यही हाल एक्सरे और अल्ट्रासाउंड कक्ष के बाहर भी दिखाई दिया। खून की जांच कराने के लिए भी लोगों को अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा।
अस्पताल में जांच कराने आए कई लोगों की रिपोर्ट पहले दिन सोमवार को नहीं मिल सकी। इस कारण उन्हें मंगलवार को दूसरे दिन भी अस्पताल में आना पड़ा। इस कारण भी अधिक भीड़ रही। वहीं अस्पताल के डॉक्टरों का कहना है कि होली के दौरान खानपान, गीले रंगों का प्रयोग करने और मौसम में हो रहे बदलाव में लापरवाही से बीमारों की संख्या अधिक हो गई है। अधिकतर मरीज वायरल फीवर, पेट संबंधी, सांस संबंधी परेशानी, एलर्जी के लक्षण वाले हैं।
जिला अस्पताल में जांच करानी है लेकिन यहां काफी भीड़ है। अस्पताल में महिला डॉक्टरों की कमी के कारण भी अपनी बारी आने का इंतजार करना पड़ रहा है। मरीजों की संख्या के अनुसार ही विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती बढ़नी चाहिए। ताकि इलाज कराने के लिए महिलाओं को परेशानी न उठानी पड़े। - पूजा अधिकारी, मरीज।
पर्ची काउंटर और एक्सरे कक्ष के बाहर काफी लंबी लाइन लगी है। भीड़ बढ़ने पर अतिरिक्त पर्ची काउंटर और एक्सरे की सुविधा की जानी चाहिए। एक्सरे-अल्ट्रासाउंड कराने के लिए पहले दिन के लोग भी लाइन लगाकर खड़े हैं। ऐसे में अपनी बारी के लिए काफी लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। - दर्शन जोशी, मरीज।
जिला अस्पताल में अधिक भीड़ होने पर वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं के लिए अलग से पर्ची काउंटर का इंतजाम होना चाहिए। उन्हें जांच कराने के लिए लंबा इंतजार न करना पड़े, ऐसी सुविधा की जानी जरूरी है। वर्ना अधिक मरीज आने पर इसी तरह से लोगों की परेशानी बढ़ती जाएगी। - कमल परिहार, तीमारदार।
होली के बाद मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। रोज 300 से अधिक नए रोगियों की ओपीडी हो रही है। सभी मरीजों को देखा जा रहा है। डॉक्टर आवश्यक सलाह भी दे रहे हैं। जांच रिपोर्ट और लक्षणों के आधार पर दवा दी जा रही है। - डॉ. वीके टम्टा, सीएमएस, जिला अस्पताल, बागेश्वर।