बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे बेड़ीनाग पिथौरागढ़ की ओर जा रहे एक सस्ता गल्ला विक्रेता से दो नकाबपोशों ने मारपीट की और उससे पांच हजार रुपये की नकदी छीनकर फरार हो गए।
गल्ला विक्रेता खाद्यान्न के लिए चालान लगानेे के लिए जा रहा था। शांत क्षेत्र में हुई इस वारदात से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। नरगोल के ग्राम प्रधान की सूचना पर कांडा पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित के बयान लेकर घटना की तफ्तीश शुरू कर दी है।
औलानी गांव के सस्ता गल्ला विक्रेता पूरन सिंह भौर्याल बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे खाद्यान्न के लिए चालान लगाने के लिए बेड़ीनाग पिथौरागढ़ जा रहे थे। तुषरेड़ा के सिमदे गधेरे से चढ़ाई चढ़ते वक्त झाड़ियों में छिपे दो नकाबपोशों ने उन्हें घेर लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
बदमाशों ने पाउडर किस्म की कोई चीज उनके चेहरे पर फेंकी, लेकिन पाउडर उनके चेहरे को छूता हुआ नीचे गिर गया। इसी बीच दोनों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी और उनके जेब से पांच हजार रुपये छीनकर फरार हो गए। इस घटना में पीड़ित के हाथ, कमर, छाती पर जख्म हो गए।
वह जैसे-तैसे वह धामपुर पहुंचा। वहां उसने नरगोली के ग्राम प्रधान अनिल रौतेला को घटना के बारे में बताया। प्रधान ने तुरंत मोबाइल फोन से घटना की सूचना कांडा के थानाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष दलबल के साथ धामपुर पहुंचे और उन्होंने पीड़ित से घटना के बारे में विस्तार से जानकारी हासिल की।
पुलिस ने नकाबपोशों को दबोचने के लिए इलाके कांबिंग शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष ने लोगों से अपील की क्षेत्र में कोई भी अपरिचित व्यक्ति घूमता मिले तो इसकी सूचना पुलिस को दें। उन्होंने ग्रामीणों से बदमाशों को पकड़वाने में पुलिस को पूरा सहयोग देने की अपील की।
शांत ग्रामीण क्षेत्र में हुई इस तरह की पहली घटना से ग्रामीण भयभीत हैं। ग्रामीणों ने पुलिस से नकाबपोशों को शीघ्र दबोचने और विधायक ललित फर्स्वाण से पल्ला कमस्यार के देवतोली में पुलिस चौकी शीघ्र खुलवाने की मांग की है।