थाना सदर क्षेत्र के पॉश इलाके पैरामाउंट कॉलोनी में किराएदारों ने ही मकान मालिक की लाइसेंसी बंदूक चोरी कर ली थी। इस मामले में सदर पुलिस ने आरोपी दो भाइयों समेत तीन को लाइसेंसी बंदूक के साथ गिरफ्तार किया है।
हैरानी की बात यह है कि जिन किराएदारों ने यह कारनामा किया, वे खुद काफी संपन्न परिवार से हैं और मुख्य आरोपी तो शिक्षक भी है। एसएसपी की ओर से पुलिस टीम को पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
बुधवार को एसएसपी आरपी यादव ने एसपी सिटी महेंद्र सिंह यादव और सीओ द्वितीय अमित नागर की मौजूदगी में यह खुलासा किया। उन्होंने बताया कि दिल्ली रोड स्थित पैरामाउंट ट्यूलिप कॉलोनी में करीब 17 दिसंबर 2015 को प्रदीप चौहान के घर से बेड में रखी लाइसेंसी बंदूक चोरी कर ली गई थी।
इस मामले में सदर थाना प्रभारी एसके दुबे के अलावा हसनपुर चौकी प्रभारी संजीव कुमार यादव सहित अन्य टीमों को जांच में लगाया गया था।
बंदूक धारक प्रदीप चौहान सहित अन्य लोगों से छानबीन के बाद पुलिस टीम ने इस मामले में न्यू विकास कॉलोनी से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
इनमें नकुड़ कस्बे के बंजारान मुहल्ला निवासी पुलकित, उसका छोटा भाई प्रणित और देवबंद के रणखंडी का रहने वाला आशीष उर्फ टोनी शामिल हैं। एसएसपी ने खुलासा किया कि पुलकित और प्रणित दोनों प्रदीप चौहान के घर पर ही आठ माह से किराएदार थे।