बागेश्वर। मरीज के साथ जिला अस्पताल आए एक तीमारदार की जेब से पर्स चोरी हो गया। पर्स में नकदी के साथ ही तमाम महत्वपूर्ण दस्तावेज भी रखे थे।
पेठी कपकोट निवासी पूर्व फौजी मान सिंह ने बताया कि उसके पिता हयात सिंह बीमार हैं। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। वह अपने पिता की देखरेख के लिए शुक्रवार की रात अस्पताल में ही रुके थे।
रात को सोते समय उनकी जेब में रुपयों से भरा पर्स था। सुबह जब नींद खुली तो जेब से पर्स गायब था। उन्होंने बताया कि पर्स में पांच हजार रुपये की नकदी, कैंटीन कार्ड, एटीएम, आधार कार्ड और मतदाता पहचान पत्र भी था।
पर्स के साथ ही सभी दस्तावेजों के गायब होने से पूर्व फौजी परेशान हैं। मान सिंह ने पुलिस से इसकी शिकायत करते हुए चोर का पता लगाकर पर्स वापस दिलाने की मांग की है।