कपकोट (बागेश्वर)। ग्लेशियर वन रेंज में मृत सांभर का मांस खाने की कोशिश करना छह लोगों को महंगा पड़ा। वन विभाग ने मांस जब्त करने के साथ ही आरोपियों से डेढ़ लाख का जुर्माना वसूला है।
रेंजर शशि देव ने बताया कि 27 जुलाई को रेंज में गश्त के दौरान छह लोगों के कब्जे से सांभर का मांस बरामद हुआ। जांच में पता चला कि ग्रामीणों को वन क्षेत्र में मृत सांभर मिला था। इसके बाद उन्होंने मांस आपस में बांट लिया। उनकी योजना सांभर का मांस पकाकर खाने की थी।
इससे पहले ही उन्हें पकड़ लिया गया। सभी आरोपी तोली गांव के हैं। इनमें से एक नेपाली मूल का है। जबकि पांच स्थानीय निवासी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि आरोपियों से डेढ़ लाख का जुर्माना वसूला गया है। मांस को परीक्षण के लिए भेजा गया है।