बागेश्वर। झिरौली पुलिस ने सवा दो किलो चरस के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पकड़ा गया व्यक्ति चरस बेचने बागेश्वर से हल्द्वानी जा रहा था। पकड़े गए व्यक्ति के खिलाफ 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
मंगलवार को मुखबिर ने झिरौली थाना पुलिस को एक व्यक्ति को चरस लेकर हल्द्वानी की ओर जाने की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। एसओ जगदीश चंद्र कांडपाल के नेतृत्व में पुलिस ने काफलीगैर-बागेश्वर मोटर मार्ग पर स्थित यात्री विश्राम गृह में बैठे व्यक्ति के बैग की तलाशी ली तो उसमें से सवा दो किलो चरस बरामद हुई। पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम रामी राम निवासी सोराग कपकोट बताया। पुलिस ने बताया कि पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने चरस बेचने के लिए हल्द्वानी ले जाने की बात कही है। भारी मात्रा में चरस बरामद होने पर पुलिस रामीराम को हिरासत में लेकर झिरौली थाने ले गई। जहां पर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया। चरस तस्कर को पकड़ने वाली टीम में पुलिस कर्मी सुजान सिंह, महेश राम, सूरज वीर शामिल थे। पुलिस आरोपी को बुधवार को न्यायालय में पेश करेगी।