बीते कई दिनों से जमा राशि मांगने के लिए प्रदर्शन कर रहे खाताधारकों ने आखिरकार अनंत निधि क्रेडिट सोसाइटी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया है। केस दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
अनंत निधि क्रेडिट सोसाइटी बीते पांच वर्षों से नगर में बैंकिंग सेक्टर में कार्य कर रही है। सोसाइटी ने नगर में कई लोगों के खाते खोलकर लाखों की रकम एकत्र की। भुगतान की बारी आई तो बैंक प्रबंधक सहित अन्य कर्मचारी एक दूसरे पर बात टालने लगे। नाराज खाताधारकों ने बीते दिनों कार्यालय में जाकर सोसाइटी के खिलाफ प्रदर्शन किया था।
उन्होंने चेतावनी दी थी कि यदि जमा राशि वापस नहीं की गई तो सोसाइटी के खिलाफ मुकदमा कायम किया जाएगा। बुधवार को खाताधारक बनखोला निवासी पार्वती मेहरा ने अनंत निधि संचालक बसंती बघरी के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज करवाया है।
पार्वती की पांच लाख की रकम अनंत निधि में डूबी है। इधर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि सोसाइटी के संचालक लखनऊ में हैं। जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी। स्थानीय स्तर पर भी सोसाइटी संचालकों की गिरफ्तारी के भी प्रयास किए जा रहे हैं।