बागेश्वर। थर्टी फर्स्ट की रात को बागेश्वर जिले के धूर में पर्यटकों के साथ हुई मारपीट और लूट के आरोपी अभी पकड़ से बाहर हैं। पुलिस की एक टीम घटना में घायल पर्यटकों के बयान लेने के लिए दिल्ली गई है। पर्यटकों के बयान के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि 31 जनवरी की रात को धूर नामक स्थान पर थर्टी फर्स्ट का जश्न मना रहे दिल्ली के नजफगढ़ निवासी पर्यटकों के साथ दो दर्जन से अधिक युवकों ने मारपीट कर दी थी। हमले में आठ पर्यटक गंभीर रूप से घायल हुए थे। घायल पर्यटकों ने जंगल में छुपकर जान बचाई थी।
सुबह होने पर बागेश्वर पहुंचे पर्यटकों ने पुलिस को आपबीती सुनाई। पर्यटकों ने उनके रुपये और जेवरात लूटने का आरोप भी लगाया। पर्यटकों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ नामजद जबकि 25 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई था, लेकिन अभी तक घटना में लिप्त कोई भी आरोपी नहीं पकड़ा गया है।
इधर, कपकोट थानाध्यक्ष एसपी रायपा ने बताया कि हमले में घायल पर्यटकों का बयान लेने के लिए रीमा के चौकी प्रभारी एसआई महेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में एक टीम दिल्ली गई है। बयान दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।