बागेश्वर। शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति ने सीजेएम कोर्ट में हंगामा मचा दिया। सरकारी कार्य में व्यवधान पहुंचाने पर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे अल्मोड़ा जेल भेज दिया गया है।
कोतवाल टीआर वर्मा ने बताया कि बागेश्वर के जुलकिया गांव निवासी प्रकाश कांडपाल बुधवार को एक मामले में गवाही देने सीजेएम कोर्ट आया था। शराब के नशे में कोर्ट में गवाही के दौरान उसने हंगामा करना शुरू कर दिया। उसने कुछ फाइलें भी फेंक दी।
इससे कोर्ट में हड़कंप मच गया। शराब पीकर हंगामा करने और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने पर सीजेएम के रीडर विनोद कुमार तिवारी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बागेश्वर कोतवाली में आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 186/ 188/ 353 और 81 पुलिस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।