बागेश्वर में मासिक अपराध गोष्ठी में जानकारी हासिल करते एसपी मणिकांत मिश्रा। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। एसपी मणिकांत मिश्रा ने इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी और गुमशुदा व्यक्तियों की बरामदगी के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कोरोना को लेकर लोगों को जागरूक करने के लिए मातहत अधिकारियों को निर्देशित किया है।
पुलिस कार्यालय में हुई मासिक अपराध गोष्ठी में एसपी ने अधीनस्थ अधिकारी/कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं। उनके निराकरण का भरोसा दिलाया। एसपी ने पिछले माह घटित अपराधों की समीक्षा करते हुए सभी थाना प्रभारियों/विवेचकों को थानों में लंबित विवेचनाओं, शिकायती प्रार्थना पत्रों, लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। समन/वारंटों की तामीली करने के निर्देश दिए। वाहनों की चेकिंग के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन (ओवरलोडिंग, ओवरस्पीड, शराब पीकर वाहन चलाने/बिना हेलमेट दोपहिया चलाने आदि) करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। एसपी ने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने के लिए चरस, गांजा, स्मैक, शराब तस्करी पर नकेल कसने के निर्देश दिए। गोष्ठी में सीओ महेश चंद्र, संगीता, सहायक अभियोजन अधिकारी दाउद सिद्दीकी, प्रतिसार निरीक्षक अजय कुमार आर्या और थानाध्यक्ष मौजूद थे।