कपकोट के सुमगढ़ गांव में घर पर जाकर टीकाकरण करते मोबाइल स्वास्थ्य टीम के सदस्य। विज्ञप्ति
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। स्वास्थ्य विभाग की मोबाइल टीम घर-घर जाकर टीकाकरण केंद्रों तक आने में असमर्थ लोगों को टीके लगा रही है। जिले के तीनों ब्लॉकों में मोबाइल टीम दूरस्थ क्षेत्रों में रोज भ्रमण कर टीकाकरण कर रही है। इनमें दिव्यांग, बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं भी शामिल हैं।
कोविड प्रभारी डॉ. प्रमोद जंगपांगी ने बताया कि सात अगस्त तक सभी पात्र लोगों को टीके की पहली डोज लगाने का लक्ष्य है। इसके सापेक्ष जिले में तेजी से टीकाकरण चल रहा है।
1.72 लाख के लक्ष्य के सापेक्ष 1.68 लाख लोगों को टीका लग चुका है। 40 टीकाकरण केंद्रों में टीके लगाए जा रहे हैं। दूरस्थ क्षेत्रों में मोबाइल टीम घर-घर जाकर लोगों का टीकाकरण कर रही है।
कुल 168940 लोगों को पहली डोज और 50466 को दूसरी डोज लग चुकी है। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की मोबाइल टीम ने कपकोट के ग्राम सभा सुमगढ़ और गडेरा में जाकर लोगों को टीके लगाए।
सीएचसी कपकोट के चिकित्सा प्रभारी डॉ. बृजेश रावत के निर्देशन में डॉ. सुभाष, एएनएम हेमा कुमारी, अनीता रावत आदि ने कपकोट क्षेत्र के गांवों में टीकाकरण किया।
जिला मुख्यालय में नगर पालिका और रोडवेज स्टेशन बिलौना के स्थायी टीकाकरण केंद्रों समेत आधा दर्जन मोबाइल टीमों ने कई जगह पर टीकाकरण किया गया।