शादी से इनकार का मामला महिला हेल्पलाइन को सौंपा
बागेश्वर/कपकोट। कपकोट के एक गांव में शादी से इनकार करने के मामले को महिला हेल्प लाइन को सौंप दिया गया है। पुलिस की महिला हेल्पलाइन दोनों पक्षों की काउंसिलिंग कराएगी।
सोमवार को कपकोट के एक गांव में हल्द्वानी से बरात आनी थी। रविवार को वधु के पिता ने कपकोट थाने पहुंचकर वर पक्ष के खिलाफ शादी से इनकार करने संबंधी तहरीर सौंपी। दुल्हन पक्ष का आरोप था कि वर पक्ष के लोगों ने दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर विवाह करने से इनकार कर दिया। दुल्हन के पिता ने वर पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने दोनों पक्षों की काउंसिलिंग कराने की बात कही थी। शादी के एक दिन पहले वर पक्ष के इनकार से वधु पक्ष के लोगों में नाराजगी है। विवाह की सारी तैयारी धरी रह गई। विवाह में व्यवधान पहुंचने से उक्त गांव के साथ आसपास के गांवों के लोग भी व्यथित हैं। दहेज की मांग को लेकर विवाह टलने का यह मामला रविवार और सोमवार को चर्चा का विषय रहा।
कपकोट के थानाध्यक्ष कैलाश बिष्ट ने बताया कि महिला हेल्पलाइन दोनों पक्षों की काउंसिलिंग के लिए तिथि नियत करेगी। सीओ शिवराज सिंह राणा ने कहा कि मामला संवेदनशील होने के कारण महिला हेल्प लाइन को सौंपा गया है। महिला हेल्प लाइन की कार्यवाही के बाद ही आगे की कार्यवाही होगी।