बागेश्वर में नयालमाफी सड़क का उद्घाटन करते विधायक। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। नायलमाफी-कठपुड़ियाछीना सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। करीब चार किमी लंबी इस सड़क का निर्माण 5.78 करोड़ रुपये की लागत से होगा। इस सड़क का निर्माण कार्य पूरा होने पर क्षेत्र के करीब एक दर्जन गांवों को लाभ मिलेगा।
बृहस्पतिवार को विधायक चंदन राम दास ने नायलमाफी गांव के लिए बनने वाले मोटर मार्ग का भूमिपूजन किया। विधायक ने अपने कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों पर चर्चा करते हुए कहा कि उनकी विधानसभा के सभी गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ा जा रहा है। कई गांवों में विधायक निधि से भी सड़कें बनाई जा रही है। कहा कि नायलमाफी गांव तक रोड जाने के बाद युवाओं के लिए रोजगार के नये द्वार खुलेंगे। उन्होंने कार्यदायी संस्था से निर्माण कार्य में मानक और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने को कहा। इस सड़क का कार्य रखरखाव के लिए जारी 27.85 लाख रुपये मिलाकर 6.06 करोड़ रुपये की लागत से होगा।
कठपुड़ियाछीना के नायलमाफी गांव के लिए सड़क बनाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। भाजपा के खरही मंडल अध्यक्ष रवि करायत ने बताया कि इस सड़क का मिलान भविष्य में भनारतोली सड़क से होना है। इसके बाद पूरा क्षेत्र सड़क सुविधा से जुड़ जाएगा। उन्होंने बताया कि इस सड़क के बनने से करीब चार हजार लोगों को लाभ मिलेगा। इस मौके पर भाजपा मंडल महामंत्री भूपाल रौतेला, जिला पंचायत सदस्य चंदन रावत, महेश मिश्रा, बालम सिंह बिष्ट, हयात सिंह, खीम सिंह, नरेंद्र रावत, अर्जुन रावत आदि मौजूद थे।