हिमाचल प्रदेश की भाजपा सांसद कंगना रनौत की ओर से तीन कृषि कानून पुन: लागू करने को लेकर दिए गए बयान से कांग्रेसियों में आक्रोश है। बृहस्पतिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसबीआई तिराहे पर सांसद कंगना का पुतला दहन कर प्रदर्शन किया।
हिमाचल प्रदेश की भाजपा सांसद कंगना रनौत की ओर से तीन कृषि कानून पुन: लागू करने को लेकर दिए गए बयान से कांग्रेसियों में आक्रोश है। बृहस्पतिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसबीआई तिराहे पर सांसद कंगना का पुतला दहन कर प्रदर्शन किया। उन्होंने भाजपा से कंगना को सांसद पद और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से तत्काल बर्खास्त करने की मांग की।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष भगवत सिंह डसीला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भाजपा सांसद कंगना और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष डसीला ने कहा कि तीन कृषि कानून के विरोध में किसानों ने लंबा संघर्ष किया। 700 से अधिक किसानों ने शहादत दी। बावजूद इसके भाजपा की सांसद दोबारा वही कानून लागू करने की बात कर रही हैं।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि एक ओर भाजपा सांसद अनर्गल बयानबाजी करती हैं, वहीं दूसरी ओर पार्टी उसे व्यक्तिगत बयान बताकर पल्ला झाड़ लेती है। कहा कि कंगना ने किसानों की शहादत का अपमान किया है। भाजपा को इस शर्मनाक हरकत के लिए उन्हें पार्टी से तत्काल निकाल देना चाहिए। इस मौके पर पूर्व जिपं अध्यक्ष हरीश ऐठानी, गीता रावल, राजेंद्र टंगड़िया, सुनील भंडारी, राजेंद्र परिहार, कवि जोशी आदि मौजूद रहे।