बागेश्वर। डीजल-पेट्रोल और रसोई गैस के लगातार बढ़ रहे दाम के विरोध में कांग्रेसियों ने प्रदेश और केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने गैस सिलिंडर और स्कूटी को फूल-मालाएं पहनाकर बढ़ती महंगाई पर नाराजगी जताई। सरकार से जल्द महंगाई पर अंकुश लगाने और आम जनता को परेशानी से निजात दिलाने की मांग की।
कांग्रेस के जिलाध्यक्ष लोकमणि पाठक के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष ने कहा कि चुनाव परिणाम आते ही सरकार ने अपना चरित्र दिखाना शुरु कर दिया है। रोजाना पेट्रोलियम पदार्थों के दाम बढ़ाए जा रहे हैं। जिसका असर रोजमर्रा के सामान पर भी पड़ रहा है। पहले से ही महंगाई की मार से लोग बेहाल हैं, ऐसे में बढ़ती कीमतों ने परेशानियों में इजाफा कर दिया है। कहा कि जिस तरह से महंगाई आसमान छू रही है, उसके खिलाफ आवाज उठाने के लिए कांग्रेस पार्टी ने महंगाई मुक्त भारत अभियान की शुरुआत की है। कहा कि जब तक सरकार महंगाई पर अंकुुश नहीं लगाती, कांग्रेस विरोध करती रहेगी। कार्यक्रम का संचालन अर्जुन भट्ट ने किया। वहां पर गीता रावल, रंजीत दास, महेश पंत, विनोद पाठक, कुंदन गिरी, लक्ष्मी धर्मशक्तू, गोविंद कठायत, दिग्विजय जनौटी, गीतांजलि आदि थे।
महंगाई के खिलाफ कांग्रेस ने फूंका पुतला
अल्मोड़ा। बढ़ती महंगाई के खिलाफ बृहस्पतिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चौघानपाटा में एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन किया। यहां कांग्रेसियों का कहना था कि भाजपा की सरकार आते ही महंगाई बढ़ने लगी है। कुछ ही दिन में पेट्रोल, डीजल के साथ ही रसोई गैस की कीमतें भी सरकार ने बढ़ा दी है। इससे जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। जनता ने भाजपा को विश्वास से चुना और भाजपा ने जनता से विश्वासघात किया है। बढ़ती महंगाई के खिलाफ कांग्रेस लगातार प्रदर्शन करेगी। प्रदर्शन करने वालों जिलाध्यक्ष पीतांबर पांडे, नगर अध्यक्ष पूरन सिंह रौतेला, प्रकाश चंद्र जोशी, जता तिवारी, गीता मेहरा, तारा चंद्र जोशी, राजीव कर्नाटक, दीपांशु पांडे केवल सती आदि थे।