बागेश्वर कलक्ट्रेट में सड़क के मुआवजे के लिए प्रदर्शन करते ग्रामीण। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। 14 सालों से सड़क कटान का मुआवजा नहीं मिलने से भड़के हरसिला के ग्रामीणों ने कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन कर नाराजगी जाहिर की। ग्रामीणों ने डीएम विनीत कुमार को ज्ञापन देकर एक माह के भीतर मुआवजा दिलाने की मांग की।
सोमवार को कलक्ट्रेट परिसर के बाहर प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने बताया कि काश्तकारों को 14 सालों से मार्ग निमार्ण के लिए काटी गई भूमि का मुआवजा नहीं मिला है। कई बार प्रशासन को इस बारे में सूचित किया गया लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। बताया कि हरसिला-पुड़कुनी और हरसिला-नान कन्यालीकोट मार्ग निर्माण के समय भूमि काटी गई थी। विभाग ने लिखित रूप में छह माह के भीतर मुआवजा देने का आश्वासन दिया था लेकिन किसी भी काश्तकार को एक रुपये भी नहीं मिला। ग्रामीणों ने एक माह के भीतर मुआवजा नहीं मिलने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। साथ ही इंटर कॉलेज हरसिला के क्षतिग्रस्त भवन को सही करने की भी मांग की। प्रदर्शन करने वालों में उमेद सिंह, नवीन पाठक, मोहन सिंह, लक्ष्मण सिंह, शोभा देवी, मंजू देवी, कविता नेगी, नीलम फर्त्याल आदि थीं।