कोट भ्रामरी नंदाअष्टमी का मेला घेटी के जगरियों के आमंत्रण और देवी अवतरित के साथ शुरू हुआ। देव डागर सोमवार को बाजे-गाजे के साथ कदली वृक्ष लाने मवई गांव जाएंगे। मेला कमेटी के अध्यक्ष भरतफर्स्वाण ने बताया कि मेेले का विधिवत उद्घाटन केंद्रीय कपड़ा राज्य मंत्री अजय टम्टा सोमवार की शाम पांच बजे करेंगे।
मेले के पहले दिन मेलाडुंगरी के ग्रामीण बाजे-गाजों के साथ देवी की पूजा लेकर कोट भ्रामरी मंदिर पहुंचे। उसके बाद उन्होंने घेटी के जगरियों को आमंत्रित किया। रात के सात बजे प्रथम पहर में देवी अवतरित हुई। यहां मंदिर में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी गुमान सिंह रावत के परिजनों की ओर से उनकी स्मृति मेें भंडारा और भजन संध्या का आयोजन किया गया। हल्द्वानी के भजन गायक भाष्करानंद जोशी की टीम ने माहौल को भक्तिमय कर दिया। मेले के सांस्कृतिक प्रभारी नंदन सिंह अल्मिया और मेला कमेटी के सचिव रंजीत डसीला ने बताया कि सांस्कृतिक मंच पर पुष्कर महर, पप्पू कार्की, लच्छू भाई आदि कलाकार टीमें प्रस्तुति देेंगे।
नंदा आज सजेगी चंद राजाओं के बनाए गहनों से
मेलाधिकारी और एसडीएम सुंदर सिंह तोमर ने शनिवार को कोट भ्रामरी मंदिर परिसर जाकर मेले की तैयारियों का जायजा लिया। बताया कि मां नंदा के सोने और हीरे के गहने लेने राजस्व पुलिस की टीम सुरक्षा बलों के साथ सोमवार सुबह भगरतोला गांव जाएगी। उसके बाद देवी को गहने पहनाए जाएंगे।