कपकोट-पिंडारी मार्ग पर गिरे मलबे को हटाते लोग। विज्ञप्ति
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर/कपकोट। बागेश्वर में इन दिनों रोज बारिश हो रही है। गरुड़ के गनीगांव में सड़क की कटिंग से आवासीय मकान और गोशाला के लिए खतरा पैदा हो गया है। बारिश के दौरान मलबा आने से मंगलवार को छह सड़कों पर यातायात बाधित रहा। कपकोट में हुई बारिश के कारण सरयू नदी के जलस्तर में भी कुछ बढ़ोतरी हुई है।
सोमवार रात कपकोट क्षेत्र में 37.50 एमएम बारिश हुई। जिला मुख्यालय के साथ ही अन्य स्थानों में हल्की बारिश हुई। सोमवार रात बारिश के दौरान गरुड़ के गनीगांव में त्रिलोक सिंह पुत्र आलम सिंह के मकान के पास भूस्खलन हो गया। भूस्खलन के कारण आवासीय मकान के लिए खतरा पैदा हो गया है। प्रभावित व्यक्ति ने मंगलवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर मकान और गोशाला की सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की है। कहा कि मकान और गोशाला की सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए तो कभी भी हादसा हो सकता है। परिवार के सामने आवास की समस्या पैदा हो सकती है।
इधर, जिला आपदा प्रबंधन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार रात नामतीचेटाबगड़, कपकोट-पिंडारी, खड़लेख-भनार, धरमघर-माजखेत, चेटाबगड़ और शामा-रमाड़ी-तेजम मोटर मार्ग पर मलबा आ गिरा। संबंधित विभाग मलबा हटाने के काम में जुटा है।
बागेश्वर के गनीगांव में भूस्खलन से खतरे की जद में आया मकान। विज्ञप्ति- फोटो : BAGESHWAR